देश

पश्चिम बंगाल में बीजेपी को प्रचंड बहुमत के बाद सरकारी अधिकारियों को फाइलें सुरक्षित रखने का आदेश, पढ़िए चीफ सेक्रेटरी ने क्या कहा

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में भारतीय जनता पार्टी को प्रचंड बहुमत मिला है। चुनाव आयोग के आंकड़ो में बीजेपी 200 से ज्यादा सीटें जीतती हुई नजर आ रही है। इस बीच राज्य के चीफ सेक्रेटरी ने सभी सरकारी अधिकारियों को फाइलें सुरक्षित रखने का आदेश दिया है। पश्चिम बंगाल सरकार के चीफ सेक्रेटरी ऑफिस से जारी आदेश में कहा गया है कि सभी डिपार्टमेंटल सेक्रेटरी और हेड ऑफ ऑफिस सभी फाइलों को सुरक्षित रखें।

आदेश में सभी विभागों के प्रमुख अधिकारियों से निवेदन किया गया है कि वह पक्का करें कि कोई भी जरूरी कागज या फाइल ऑफिस से हटाई/खराब न की जाए या किसी और तरह से बाहर न ले जाई जाए। बिना इजाजत के कॉपी/स्कैनिंग नहीं होगी। इसके अलावा, सभी फाइलों/जरूरी कागजों/कम्युनिकेशन का ठीक से हिसाब रखा जाएगा। हेड ऑफ डिपार्टमेंट और डिपार्टमेंटल सेक्रेटरी खुद पक्का करेंगे कि इसका पूरी तरह से पालन हो। किसी भी तरह की गड़बड़ी के लिए पर्सनल जिम्मेदारी तय की जाएगी।

पश्चिम बंगाल में बीजेपी को 200 से ज्यादा सीटें

भारतीय जनता पार्टी ने पश्चिम बंगाल में 66 सीटें जीत ली हैं और 138 सीटों पर आगे चल रही है। कुल मिलाकर बीजेपी 204 सीटें जीतती नजर आ रही है। राज्य में पहली बार भारतीय जनता पार्टी सत्ता में आई है। वहीं, तृणमूल कांग्रेस 83 सीटों पर सिमटती नजर आ रही है। कांग्रेस पार्टी भी एक सीट जीतने में सफल रही है। मुर्शिदाबाद में बाबरी मस्जिद की नींव रखने वाले हुमायूं कबीर की पार्टी को भी दो सीटें मिली हैं। हालांकि, दोनों सीटें हुमायूं कबीर ने ही जीती हैं। ऐसे में एक सीट पर उपचुनाव होना तय है। सीपीआई और एआईएसएफ को भी एक-एक सीट मिल सकती है। इस चुनाव में टीएमसी को भारी नुकसान हुआ है और ये सभी सीटें बीजेपी के खाते में गई हैं।

Related Articles

Back to top button