
नेपाल में अचानक आई बाढ़ से बड़ी तबाही आई है। बताया जा रहा है कि तिब्बत की ओर से अचानक आई बाढ़ ने रसुवा जिले में भारी तबाही मचाई है। इस हादसे में अब तक 22 लोगों की मौत हो चुकी है और 300 से ज्यादा लोग लापता हैं। तबाही के बाद राहत और बचाव का काम शुरू कर दिया गया है। नेपाल में आई इस तबाही के बाद उत्तर प्रदेश में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है। सीएम योगी ने महाराजगंज और कुशीनगर में प्रशासन को तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
हाराजगंज और कुशीनगर में सतर्कता बढ़ाई गई
नेपाल के रसुवा क्षेत्र में भोटेकोशी नदी में आई भीषण बाढ़ को देखते हुए उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती महाराजगंज और कुशीनगर जिलों में सतर्कता बढ़ा दी गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नेपाल में भीषण बाढ़ से हुई क्षति को अत्यंत चिंताजनक बताते हुए महाराजगंज और कुशीनगर में स्थानीय प्रशासन को सभी जरूरी तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
नदियों का जलस्तर बढ़ने की आशंका
नेपाल में बाढ़ के प्रभाव से महाराजगंज और कुशीनगर में गंडक एवं नारायणी नदियों का जलस्तर बढ़ने की आशंका है। इसे लेकर मुख्यमंत्री योगी ने स्थानीय प्रशासन को नदियों के जलस्तर पर नजर रखते हुए पूरी सतर्कता बरतने को कहा है। उन्होंने कहा है कि नेपाल में आई बाढ़ से हुई क्षति अत्यंत चिंताजनक है। उन्होंने भगवान पशुपतिनाथ से सभी के सकुशल रहने की प्रार्थना की है। सीएम योगी ने कहा- “नेपाल के रसुवा क्षेत्र में भोटेकोशी नदी में आई भीषण बाढ़ से हुई क्षति अत्यंत चिंताजनक है। भगवान पशुपतिनाथ से सभी के सकुशल होने की प्रार्थना है।”
बिहार में भी अलर्ट
आपको बता दें कि नेपाल में आई बाढ़ के बाद बिहार में भी बाढ़ का खतरा बढ़ गया है और कई जिलों में अलर्ट जारी कर दिया गया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी बिहार के सीएम सम्राट चौधरी से बात की है और संभावित संकट से निपटने के लिए बिहार सरकार को हर जरूरी मदद का भरोसा दिया है। सीएम सम्राट चौधरी ने भी अधिकारियों को जरूरी दिशा निर्देश जारी कर दिया है।
भारत करेगा नेपाल की मदद
दूसरी ओर नेपाल में आई विनाशकारी फ्लैश फ्लड पर भारत सरकार ने बड़ा फैसला किया है। भारत सरकार बाढ़ प्रभावितों की मदद के लिए आपातकालीन राहत सामग्री भेजने की तैयारी कर रही है। नेपाल में आई तबाही में कम से कम 105 भारतीय यात्री भी लापता हैं। साथ ही नेपाल में भारतीय दूतावास ने भारतीयों की मदद के लिए इमरजेंसी हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है।
+977 985 131 6807
+977 970 910 7500




