देशबड़ी खबर

नोएडा फेज-2 में फिर पथरावः वेतन वृद्धि की मांग पर हिंसक प्रदर्शन, पुलिस की सख्ती के बाद हालात सामान्य

नोएडाः उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर जिले में वेतन वृद्धि की मांग को लेकर चल रहे श्रमिक आंदोलन में एक बार फिर अराजकता देखी गई। मंगलवार को हिंसक प्रदर्शन के एक दिन बाद बुधवार सुबह नोएडा में एक-दो जगह मामूली पथराव हुआ।

स्थानीय लोगों के अनुसार सुबह करीब 9 बजे गुरु अमरदास इंटरनेशनल कंपनी के पास भीड़ ने पथराव किया, जिसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर स्थिति को नियंत्रित किया और प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर कर दिया। अभी हालात सामान्य हैं। पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में सुबह से ही भारी पुलिस बल इलाके में मार्च कर रहा है।

नोएडा पुलिस के सब-इंस्पेक्टर माता प्रसाद गुप्ता ने बताया कि सफाई कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठे थे। जब पुलिस उनसे बात करने पहुंची तो कुछ लोगों ने अचानक पुलिस पर पत्थर फेंकने शुरू कर दिए, जिसमें सब-इंस्पेक्टर समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए।

पुलिस कमिश्नर का बड़ा खुलासा

गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने कहा कि यह कोई साधारण मजदूर आंदोलन नहीं लग रहा है। एक संगठित गिरोह श्रमिकों को उकसा रहा है और सुनियोजित तरीके से अशांति फैलाने की कोशिश कर रहा है।

उन्होंने बताया कि पिछले कुछ दिनों में अचानक कई फर्जी ट्विटर हैंडल और सोशल मीडिया अकाउंट सक्रिय हुए हैं। इसके अलावा कई नए WhatsApp ग्रुप बनाए गए, जहां मजदूरों को QR कोड स्कैन करवाकर जोड़ा जा रहा है। यह सब संकेत देता है कि पर्दे के पीछे कोई बड़ा नेटवर्क सक्रिय है।

पुलिस कमिश्नर ने आगे कहा, “सरकार मजदूरों की समस्याओं को समझती है और उनके प्रति पूरी सहानुभूति रखती है। वेतन वृद्धि को लेकर आज फैसला होने की संभावना है। मैं सभी मजदूरों से अपील करती हूं कि वे शांति बनाए रखें और अपनी फैक्टरियों में काम पर लौट आएं।”

पुलिस की सख्त कार्रवाई

पुलिस ने बताया कि सुबह 5 बजे से लगातार रूट मार्च किए जा रहे हैं। आज सुबह तीन जगहों पर इकट्ठा हुई भीड़ को मात्र 15 मिनट में तितर-बितर कर दिया गया। कल हुई घटनाओं में 7 FIR दर्ज की गई हैं और 300 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

पुलिस अब भीड़ को भड़काने वाले मुख्य सूत्रधारों, उनकी फंडिंग और बाहरी लिंक की भी गहन जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button