
महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। मुंबई की बोरीवली पुलिस ने खुद को FDA का अधिकारी बताकर होटल पर रेड करने वाले एक महिला और पुरुष के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस जांच में आरोपियों की पहचान बोरीवली पश्चिम के एकसार रोड निवासी विजय बबन जाधव (42) और वसई निवासी स्वाति विक्रांत तुलसंकर (30) के रूप में हुई है। आइए जानते हैं कि इस मामले के बारे में अब तक क्या जानकारी सामने आई है।
होटल प्रबंधन से पैसे ऐंठने की कोशिश
इस मामले को लेकर पुलिस की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक, दोनों आरोपियों (महिला-पुरुष) ने खुद को सरकारी अधिकारी बताकर एक होटल में एंट्री की और “भारत सरकार” अंकित नकली सरकारी प्रतीक वाली गाड़ी का इस्तेमाल कर कर्मचारियों पर दबाव बनाने का प्रयास किया। आरोप लगाया गया है कि दोनों ने होटल की जांच और कार्रवाई का भय दिखाकर होटल प्रबंधन से पैसे ऐंठने की भी कोशिश की।
अब तक क्या कार्रवाई हुई?
मुंबई में इस मामले के सामने आने के बाद पुलिस ने भी एक्शन लिया है। बोरीवली पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आगे की जांच के लिए दोनों आरोपियों को नोटिस जारी किया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।



