
मुंबई। ‘‘सत्यकाम’’ से लेकर ‘‘शोले’’ तक 300 से ज्यादा फिल्मों में काम करके मनोरंजन जगत में एक अलग मुकाम हासिल करने वाले दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र का सोमवार को यहां निधन हो गया। वह 89 वर्ष के थे। मुंबई में पुलिस ने यह जानकारी दी। उनके परिवार की ओर से अभी तक इसकी पुष्टि नहीं की गयी है।
धर्मेंद्र पिछले कुछ वक्त से बीमार थे और मुंबई के एक अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। परिवार ने इस महीने की शुरुआत में घर पर ही उनका इलाज जारी रखने का निर्णय लिया था। वह आठ दिसंबर को 90 वर्ष के हो जाते। अभिनेता धर्मेंद्र के निधन से पूरे देश शोक की लहर छा गई।
भारतीय सिनेमा में एक युग का अंत हो गया : मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मशहूर अदाकार धर्मेंद्र को अभूतपूर्व अभिनेता करार देते हुए उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मोदी ने अभिनेता धर्मेंद्र के निधन को भारतीय सिनेमा जगत के एक युग का अंत करार देते हुए कहा कि वह असाधारण अभिनेता थे और उन्होंने अपनी भूमिकाओं को जिस गंभीरता से पेश किया उसने फिल्मों में उनकी गहराई की छाप छोड़ी है। उनकी इसी अदा ने उन्हें प्रतिष्ठित फिल्मी व्यक्तित्व और अभूतपूर्व अभिनेता बनाया।
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया एक्स पर अपने शोक संदेश में लिखा “धर्मेंद्र जी का निधन भारतीय सिनेमा के एक युग का अंत है। वह एक प्रतिष्ठित फिल्म व्यक्तित्व, एक अभूतपूर्व अभिनेता थे जो अपनी हर भूमिका में आकर्षण और गहराई लाते थे। जिस तरह से उन्होंने विविध भूमिकाएँ निभाईं, उसने अनगिनत लोगों को प्रभावित किया। धर्मेंद्र जी अपनी सादगी, विनम्रता और गर्मजोशी के लिए समान रूप से प्रशंसित थे। इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार, दोस्तों और असंख्य प्रशंसकों के साथ हैं। ओम शांति।”
अमित शाह ने जताया शोक
गृहमंत्री अमित शाह ने भी उनके निधन पर शोक जताया और कहा कि छह दशकों तक हर देशवासी के दिल को छूने वाले धर्मेन्द्र जी का निधन भारतीय सिनेमा जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। गौरतलब है कि अभिनेता धर्मेंद्र का लंबी बीमारी के बाद सोमवार को 89 साल की उग्र में मुंबई में निधन हो गया।
धर्मेंद्र का निधन भारतीय सिनेमा के लिए बड़ी क्षति: राष्ट्रपति
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र के निधन पर सोमवार को दुख जताया और कहा कि उनका जाना भारतीय सिनेमा के लिए बड़ी क्षति है तथा उनकी विरासत युवाओं को प्रेरित करती रहेगी। धर्मेंद्र का सोमवार को मुंबई में निधन हो गया। वह 89 वर्ष के थे। राष्ट्रपति मुर्मू ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘ दिग्गज अभिनेता और पूर्व सांसद धर्मेंद्र जी का निधन भारतीय सिनेमा के लिए एक बड़ी क्षति है। सबसे लोकप्रिय अभिनेताओं में शुमार धर्मेंद्र ने अपने दशकों लंबे शानदार करियर के दौरान कई यादगार फिल्में दीं। भारतीय सिनेमा की एक महान हस्ती के रूप में वह अपने पीछे एक ऐसी विरासत छोड़ गए हैं जो कलाकारों की युवा पीढ़ी को प्रेरित करती रहेगी।’’ उन्होंने कहा, ‘‘उनके परिवार, दोस्तों और प्रशंसकों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना।’’
खरगे ने धर्मेंद्र के निधन पर जताया दुख
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मशहूर बॉलीवुड अभिनेता धर्मेंद्र के निधन पर दुख जताया है।श्री खरगे ने सोशल मीडिया पर अपने पोस्ट में कहा ” भारतीय फिल्म जगत ने आज एक बहुमूल्य सितारा खो दिया। वर्ष 2012 में पद्मभूषण से सम्मानित धर्मेंद्र ने दशकों तक सिनेमा प्रेमियों के दिलों पर राज किया और अपने अभूतपूर्व अभिनय तथा सादगीपूर्ण जीवन से एक गहरी छाप छोड़ी। उन्होंने आगे कहा , “मशहूर अभिनेता धर्मेंद्र अब हमारे बीच नहीं रहे। उनका निधन एक युग का अंत है। दुःख की इस घड़ी में मैं उनके परिवार और करोड़ों प्रशंसकों को गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूँ। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे।”
धर्मेंद्र के निधन की खबर दुखद , राहुल ने जताया दुख
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने बॉलीवुड अभिनेता धर्मेंद्र के निधन पर दुख प्रकट किया है। श्री गांधी ने सोमवार को अपने सोशल मीडिया पर लिखा, “महान अभिनेता धर्मेंद्र जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद । यह भारतीय कला जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। सिनेमा में लगभग सात दशकों के उनके अद्वितीय योगदान को हमेशा सम्मान और मोहब्बत के साथ याद रखा जाएगा।” उन्होंने आगे कहा , “धर्मेंद्र जी को अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके शोकाकुल परिवार, मित्रों और प्रशंसकों के साथ हैं।”
सीएम योगी, मायावती ने धर्मेंद्र के निधन पर व्यक्त किया शोक
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती सहित कई नेताओं ने दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘लोकप्रिय फिल्म अभिनेता धर्मेंद्र जी का निधन अत्यंत दुःखद एवं कला व फिल्म जगत की अपूरणीय क्षति है। उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि!’’ उन्होंने कहा, ‘‘प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को सद्गति तथा शोकाकुल परिजनों एवं उनके प्रशंसकों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ओम शांति!’’
उप्र के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘पद्म भूषण से सम्मानित भारतीय सिनेमा के प्रसिद्ध अभिनेता एवं पूर्व सांसद धर्मेंद्र जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। सिनेमा जगत में उनका अद्वितीय योगदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिजनों को संबल प्रदान करें। ओम शांति!’’
बसपा प्रमुख एवं पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘भारतीय फिल्म इंडस्ट्री की जानी-मानी हस्तियों में से एक दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र जी का आज निधन हो जाने की खबर अत्यंत दुखद।’’ उन्होंने कहा, ‘‘अपने मिलनसार, हमदर्द व खुशमिजाज स्वभाव के लिए मशहूर रहे धर्मेंद्र जी ने काफी लंबे समय तक फिल्म दुनिया व फिल्मों के शौकीनों के दिलों पर राज किया।’’
मायावती ने कहा, ‘‘उनके परिवार वालों और तमाम चाहने वालों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है। कुदरत उन सभी को इस दुख को सहने करने की शक्ति दे,यही कामना।’’
‘सत्यकाम’ से लेकर ‘शोले’ तक 300 से अधिक फिल्मों में अभिनय कर मनोरंजन जगत में विशेष पहचान बनाने वाले दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र का सोमवार को मुंबई में निधन हो गया। वह 89 वर्ष के थे। मुंबई में पुलिस ने यह जानकारी दी। उनके परिवार की ओर से अभी तक इसकी पुष्टि नहीं की गयी है। धर्मेंद्र पिछले कुछ वक्त से बीमार थे और मुंबई के एक अस्पताल में उनका उपचार भी किया गया था। परिवार ने इस महीने की शुरुआत में घर पर ही उनका इलाज जारी रखने का निर्णय लिया था।




