
झारखंड की राजधानी रांची में JPSC-JSSC परीक्षा में कथित गड़बड़ी को लेकर जारी छात्रों के आंदोलन के बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का बड़ा बयान सामने आया है। हेमंत सोरेन ने कहा कि युवा छात्र हमारे लिए अहम हैं। छात्र भ्रमित ना हों। छात्र सरकार तक अपनी बात पहुंचाएं। उधर, छात्रों के साथ बातचीत में झारखंड सरकार ने अधिकतर मांगें मान ली हैं। हालांकि, CBI जांच के लिए सरकार तैयार नहीं है। थोड़ी देर में आधिकारिक तौर पर इसका ऐलान होगा।
झारखंड के साथ साजिश हो रही है- हेमंत सोरेन
सीएम हेमंत सोरेन ने आगे कहा कि झारखंड के साथ साजिश हो रही है। हमारे लिए युवा छात्र अहम हैं। छात्रों के साथ पारदर्शिता से न्याय होगा। सरकार तक छात्रों को अपनी बात पहुंचानी चाहिए।
हमारे युवा अपने अधिकारों के लिए विरोध-प्रदर्शन और आंदोलन कर रहे हैं। हमारी सरकार के कदमों के कारण ही उनमें आगे आने, विरोध करने और अपना अधिकार मांगने की हिम्मत आई है, क्योंकि हमारी सरकार ने गड़बड़ियों को उजागर किया है। युवाओं को इंसाफ मिलेगा और गड़बड़ियों के लिए जिम्मेदार लोगों को सख्त सजा दी जाएगी। इस मामले को सियासी नजरिए से देखने या राजनीतिक संरक्षण पाने की कोई जरूरत नहीं है: हेमंत सोरेन
CBI जांच के लिए तैयार नहीं झारखंड सरकार- सूत्र
बता दें कि रांची में छात्र आंदोलन का आज 16वां दिन है। सोरेन सरकार और प्रोटेस्ट कर रहे छात्रों के बीच आज तीसरे दौर की बातचीत हुई। सूत्रों के मुताबिक, झारखंड सरकार JPSC PT परीक्षा रद्द करने को तैयार है। बैकलॉग में जितने पेपर हैं जिसमें धांधली के आरोप हैं, उनमें सीआईडी और ईडी जांच के लिए सरकार तैयार है। हालांकि, सीबीआई जांच के लिए सरकार तैयार नहीं है।
सरकार JSSC में कट ऑफ पर Age Group को लेकर तैयार नहीं
सरकार JSSC में भी सीआईडी और ईडी जांच के लिए तैयार है। कट ऑफ पर Age Group को लेकर सरकार अभी तैयार नहीं है। छात्र सीबीआई जांच के लिए अड़े हुए हैं। दोबारा बैठक मुख्य छात्र ग्रुप से होगी। अभय तिवारी ने जितने एग्जाम दिए हैं उनको रद्द करने पर अभी सरकार सहमत नहीं हुई है।
लिखित में दीजिए कि मांगें मान लीं- देवेंद्र महतो
सूत्रों के अनुसार, हेमंत सरकार के मंत्रियों ने भूख हड़ताल पर बैठे देवेंद्र महतो से भी वीडियो कॉल पर बात करके अनशन खत्म करने की अपील की तो महतो ने कहा कि लिखित में दीजिए कि मांगें मान ली हैं। अभी फाइनल राउंड की बातचीत चल रही है, उसके बाद बाहर आकर मंत्री और छात्र अपना स्टेटमेंट दे सकते हैं।
2 राउंड की बैठक रही थी बेनतीजा
गौरतलब है कि अब तक 2 राउंड की बातचीत बेनतीजा रही है। स्टूडेंट्स डेलिगेशन के मुताबिक, पहले सरकार अलग-अलग छात्रों के ग्रुप से एक साथ बैठक करना चाह रही थी, जिसका छात्रों के ग्रुप ने विरोध किया था। इसके बाद सरकार ने सिर्फ JPSC-JSSC रिफॉर्म मंच के छात्रों को बैठक के लिए बुलाया।
10 अगस्त को विधानसभा मार्च पर अड़े छात्र
वहीं, छात्र रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में अपनी मांगों को लेकर डटे हुए हैं। छात्रों ने सरकार को चेतावनी दी है कि अगर 10 अगस्त तक उनकी मांगों पर सरकार लिखित आश्वासन नहीं देती है तो फिर 10 अगस्त को विधानसभा मार्च होगा।




