कारोबारबड़ी खबर

1 सितंबर से बदल गया आपका बजट! LPG से दूध और कारों तक महंगाई की मार, हवाई सफर के नियम भी बदले

नई दिल्ली। सितंबर की शुरुआत के साथ आम जनता के बजट, यात्रा और रोजमर्रा की जरूरतों से जुड़े कई अहम बदलाव लागू हो गए हैं। 1 सितंबर 2026 से कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत बढ़ गई है, जबकि मुंबई में दूध के थोक दाम में 9 रुपये प्रति लीटर का इजाफा किया गया है। दूसरी ओर, टाटा मोटर्स और हुंडई की कारें भी महंगी हो गई हैं।

इसके अलावा एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए e-KYC की समयसीमा खत्म हो चुकी है, जबकि विदेश यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए बोर्डिंग पास पर इमिग्रेशन स्टांप से जुड़ा नियम बदल गया है। जानिए 1 सितंबर से क्या-क्या बदला है और इसका आपकी जेब पर कितना असर पड़ेगा।

1. कॉमर्शियल LPG सिलेंडर महंगा, घरेलू सिलेंडर की कीमत स्थिर

सरकारी तेल विपणन कंपनियों ने 19 किलोग्राम वाले कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में ₹9.50 से ₹11.50 तक की बढ़ोतरी की है।

नई कीमतों के मुताबिक—

हालांकि घरेलू उपभोक्ताओं के लिए राहत है। 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

कॉमर्शियल गैस महंगी होने का असर रेस्टोरेंट, होटल और ढाबों की लागत पर पड़ सकता है। त्योहारी सीजन और शादियों के दौरान कैटरिंग का बजट भी बढ़ने की संभावना है।

2. मुंबई में दूध ₹9 प्रति लीटर महंगा

मुंबई में दूध की थोक कीमत में बड़ा इजाफा हुआ है। बॉम्बे मिल्क प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन ने थोक दूध की कीमत ₹9 प्रति लीटर बढ़ाकर ₹102 कर दी है। इससे पहले थोक दर ₹93 प्रति लीटर थी।

नई दर 28 फरवरी 2027 तक लागू रहेगी। थोक कीमत बढ़ने का असर खुदरा बाजार पर पड़ सकता है। इससे दूध के साथ दही, पनीर और दूध से बनने वाली मिठाइयों की कीमतों में भी बढ़ोतरी हो सकती है।

3. तमिलनाडु में भी बढ़ी दूध की खरीद दर

तमिलनाडु में आविन (Aavin) ने दूध की खरीद दर में ₹3 प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है। इसके बाद खरीद दर ₹44 प्रति लीटर हो गई है।

दूध की लागत बढ़ने के पीछे हरे चारे, भूसे, खली, पशुओं के रख-रखाव और परिवहन जैसी लागत में हुई वृद्धि को वजह बताया गया है।

4. LPG e-KYC की डेडलाइन खत्म, सब्सिडी पर पड़ सकता है असर

तेल कंपनियों की ओर से अनिवार्य की गई LPG बायोमेट्रिक पहचान यानी e-KYC की समयसीमा 31 अगस्त को खत्म हो चुकी है।

जिन उपभोक्ताओं ने तय समय तक e-KYC पूरी नहीं की है, उन्हें LPG सब्सिडी मिलने में परेशानी हो सकती है। इसके अलावा रीफिल बुकिंग से जुड़ी दिक्कत भी सामने आ सकती है।

ऐसे उपभोक्ताओं को अपनी संबंधित गैस एजेंसी से संपर्क करने की सलाह दी गई है।

5. विदेश जाने वाले यात्रियों के लिए बदला इमिग्रेशन नियम

1 सितंबर 2026 से भारतीय हवाई अड्डों से विदेश जाने वाले यात्रियों के बोर्डिंग पास पर इमिग्रेशन काउंटर की मुहर लगाने की व्यवस्था समाप्त कर दी गई है।

अब डिजिटल इमिग्रेशन प्रक्रिया के तहत यात्री मोबाइल फोन पर डिजिटल ई-बोर्डिंग पास दिखा सकेंगे। इससे इमिग्रेशन काउंटर पर लगने वाली कतार कम होने और प्रस्थान प्रक्रिया तेज होने की उम्मीद है।

6. Tata Motors की कारें ₹25 हजार तक महंगी

टाटा मोटर्स ने अपने सभी मॉडल और वैरिएंट की कीमतों में ₹25,000 तक की बढ़ोतरी की है। नई कीमतें 1 सितंबर से प्रभावी हो गई हैं।

कंपनी की ओर से कीमत बढ़ाने के पीछे कच्चे माल यानी कमोडिटी की लागत में बढ़ोतरी, परिचालन खर्च और महंगाई के दबाव को वजह बताया गया है।

7. Hyundai की कारों के दाम भी बढ़े

हुंडई इंडिया ने भी अपने वाहनों की एक्स-शोरूम कीमतों में 1 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की है।

कंपनी के मुताबिक, बढ़ती कमोडिटी कीमतों और परिचालन लागत के दबाव के बीच यह मूल्य संशोधन किया गया है। यानी सितंबर से नई कार खरीदने वालों को पहले के मुकाबले अधिक कीमत चुकानी पड़ सकती है।

Related Articles

Back to top button