देशबड़ी खबर

CJP Protest: अभिजीत दीपके हिरासत में, JP नड्डा से हुई बातचीत; संसद के बाहर सुरक्षा कड़ी

नई दिल्लीः संसद भवन के आसपास जारी विरोध-प्रदर्शन के बीच कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया। इस संबंध में जानकारी पार्टी के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने दी। इसी बीच संसद के मानसून सत्र के दौरान हंगामे के बाद राज्यसभा की कार्यवाही अगले दिन तक के लिए स्थगित कर दी गई।

JP नड्डा से हुई 10 मिनट की मुलाकात

सौरव दास ने बताया कि प्रदर्शन से जुड़े मुद्दों पर उनकी केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा से करीब 10 मिनट तक बातचीत हुई। हालांकि, बैठक में किन मुद्दों पर चर्चा हुई, इसकी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

लिखित मांगपत्र सौंपने की दी जानकारी

सौरव दास के अनुसार, CJP ने अपनी सभी मांगों का एक लिखित पत्र केंद्रीय मंत्री को सौंपा है। उन्होंने कहा कि मंत्री ने इन मांगों पर आंतरिक स्तर पर चर्चा करने का भरोसा दिया है। साथ ही उन्होंने दावा किया कि प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में लोगों को हिरासत में लिए जाने की खबरें सामने आ रही हैं।

सांसदों से छात्रों के समर्थन में उतरने की अपील

सौरव दास ने सोशल मीडिया पर विपक्षी सांसदों से अपील की कि वे सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों के समर्थन में खड़े हों। उन्होंने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पुलिस ने बल प्रयोग किया और उनके साथ मारपीट की।

मारपीट के आरोप, कई लोगों के घायल होने का दावा

सौरव दास ने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान गीतांजलि के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की गई। उन्होंने यह भी दावा किया कि एक 12 वर्षीय बच्ची सहित कई लोग घायल हुए हैं और लगभग 40-50 लोगों के सिर फूटने की घटनाएं हुई हैं। इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

प्रकाश राज भी प्रदर्शन में पहुंचे

अभिनेता और सामाजिक कार्यकर्ता प्रकाश राज भी CJP के विरोध-प्रदर्शन में शामिल हुए। दूसरी ओर, संसद परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।

रेणुका चौधरी ने सरकार पर साधा निशाना

कांग्रेस सांसद रेणुका चौधरी ने प्रदर्शन को लेकर सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि संसद सत्र के दौरान छात्रों के खिलाफ आंसू गैस और बल प्रयोग जैसे कदम उठाना उचित नहीं है और सरकार को इस पर जवाब देना चाहिए।

Related Articles

Back to top button