
नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पुलिस प्रशासन के शीर्ष स्तर पर बड़ा बदलाव किया गया है। केंद्र सरकार के गृह मंत्रालय ने वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी अनुराग कुमार को दिल्ली का नया पुलिस आयुक्त (कमिश्नर ऑफ पुलिस) नियुक्त किया है। इस संबंध में शुक्रवार को आधिकारिक आदेश जारी कर दिया गया।
आदेश के अनुसार, वर्तमान पुलिस आयुक्त सतीश गोलचा को पद से हटाया गया है। नए पुलिस आयुक्त के कार्यभार ग्रहण करने के बाद वह अपनी अगली नियुक्ति के लिए दिल्ली के उपराज्यपाल (LG) को रिपोर्ट करेंगे।
1994 बैच के आईपीएस हैं अनुराग कुमार
गृह मंत्रालय द्वारा जारी आदेश के मुताबिक, एजीएमयूटी (AGMUT) कैडर के 1994 बैच के आईपीएस अधिकारी अनुराग कुमार को सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी के बाद दिल्ली पुलिस की कमान सौंपी गई है।
अनुराग कुमार फिलहाल इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) में स्पेशल डायरेक्टर के पद पर कार्यरत थे। उनकी नियुक्ति कार्यभार संभालने की तिथि से प्रभावी होगी और अगले आदेश तक वे दिल्ली पुलिस आयुक्त के पद पर बने रहेंगे।
सतीश गोलचा आगे की नियुक्ति का करेंगे इंतजार
गृह मंत्रालय के आदेश में कहा गया है कि एजीएमयूटी कैडर के 1992 बैच के आईपीएस अधिकारी सतीश गोलचा नए पुलिस आयुक्त के कार्यभार संभालने के बाद आगे की नियुक्ति के लिए दिल्ली के उपराज्यपाल को रिपोर्ट करेंगे।
उपलब्ध जानकारी के अनुसार, उनका कार्यकाल 2027 तक निर्धारित था, लेकिन उससे पहले ही प्रशासनिक निर्णय के तहत यह बदलाव किया गया है।




