उत्तर प्रदेशबड़ी खबर

Hardoi Encounter : कुकर्म के बाद बच्चे की हत्या करने वाला आरोपी मेहनूर पुलिस मुठभेड़ में ढेर, एसओजी प्रभारी घायल

हरदोई। हरदोई जिले के मल्लावां क्षेत्र में सात वर्षीय एक लड़के से कुकर्म के बाद उसकी हत्या के मामले में आरोपी 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश बुधवार सुबह पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी के अनुसार मुठभेड़ के दौरान पुलिस के विशेष अभियान समूह (एसओजी) के प्रभारी भी घायल हो गए।

पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने बताया कि मल्लावां थाना क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार को मक्के के खेत से एक बच्चे का शव बरामद किया गया था और इस मामले में मुख्य आरोपी के तौर पर इनामी बदमाश मेहनूर (32) की पहचान की गई। मीणा ने बताया कि बुधवार को आरोपी की थाना क्षेत्र में मौजूदगी की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने उसे घेर लिया, लेकिन आरोपी ने पुलिस दल पर गोली चला दी।

उन्होंने कहा, ”पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मेहनूर गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।” पुलिस अधिकारी ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान एसओजी प्रभारी राजेश कुमार को भी गोली लगी है और उनका उपचार जिला अस्पताल में किया जा रहा है।

पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, यह मामला अपहरण के बाद कुकर्म और हत्या का प्रतीत होता है। आरोपी ने जांच को भटकाने और पकड़े जाने से बचने के लिए चोरी के सिम कार्ड से बच्चे के परिजनों को फिरौती का फोन भी किया था, ताकि मामला केवल अपहरण का लगे।

बच्चे का शव मिलने के बाद लखनऊ क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक ने आरोपी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। कन्नौज जिले का निवासी मेहनूर एक आदतन अपराधी था और विभिन्न जनपदों में उस पर करीब एक दर्जन आपराधिक मामले दर्ज थे। पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटनास्थल से एक 32 बोर की पिस्तौल, एक .315 बोर का तमंचा, एक मोटरसाइकिल और बड़ी संख्या में कारतूस बरामद किए गए हैं।

Related Articles

Back to top button