
नासिक में खुद को ज्योतिषी और ‘गॉडमैन’ बताने वाला अशोक खरात उर्फ ‘कैप्टन खरात’ अब पुलिस की गिरफ्त में है। उस पर महिलाओं के शोषण, नशीला पदार्थ देकर दुष्कर्म, धार्मिक अनुष्ठानों के नाम पर उगाही और ब्लैकमेलिंग जैसे गंभीर आरोप लगे हैं। मामले की जांच में कई सनसनीखेज खुलासे हो रहे हैं। रविवार को पुलिस ने अशोक खरात से 7 घंटे से ज्यादा पूछताछ की। पूछताछ के बाद जब उसे बाहर लाया गया तो उसकी हालत बदली हुई नजर आई। गिरफ्तारी से पहले खुद को प्रभावशाली बताने वाला खरात पूछताछ के बाद सहारे के बिना ठीक से चल भी नहीं पा रहा था।
100 से ज्यादा अश्लील वीडियो बरामद
जांच में सामने आया है कि आरोपी लोगों को अपनी कथित दैवीय शक्तियों के नाम पर जाल में फंसाता था। खासकर महिलाओं को भरोसे में लेकर उन्हें नशीला पदार्थ देने और फिर उनका शोषण करने के आरोप सामने आए हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस गिरोह का शिकार और कितनी महिलाएं हुई हैं। खरात के ठिकानों की तलाशी में चौंकाने वाले सबूत मिले हैं। उसके कथित ऑफिस से एक पेन ड्राइव बरामद हुई है, जिसमें 100 से ज्यादा अश्लील वीडियो क्लिप होने की बात सामने आई है। इन वीडियो को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है और आशंका जताई जा रही है कि इसमें कुछ हाई-प्रोफाइल लोग भी शामिल हो सकते हैं।
ठगने के लिए अपनाता था अजीब हथकंडे
जांच के दौरान यह भी खुलासा हुआ है कि खरात लोगों को ठगने के लिए अजीबोगरीब तरीके अपनाता था। वह नकली सांपों को ‘चमत्कार’ बताकर लोगों को गुमराह करता था और सस्ते इमली के बीज को ‘सिद्ध रत्न’ बताकर हजारों से लाखों रुपये में बेचता था। बताया जा रहा है कि आरोपी ने मिरगांव में एक मंदिर बनवाकर अमीर और रसूखदार लोगों को निशाना बनाया। वहीं, उसके पास से नकदी, दस्तावेज, हथियार और करोड़ों की संपत्ति से जुड़े सबूत भी बरामद किए गए हैं। शुरुआती जांच में करीब 500 करोड़ रुपये की संपत्ति जुटाने की बात सामने आई है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस कथित आस्था के कारोबार में और कौन-कौन शामिल था। साथ ही, ब्लैकमेलिंग और उगाही के इस बड़े रैकेट के अन्य कड़ियों को भी जोड़ा जा रहा है।




