देशबड़ी खबर

बिहार: पटना कांग्रेस दफ्तर पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने बोला धावा, जमकर चले लाठी-डंडे, बोले राहुल गांधी- मारो और तोड़ो….

पटना। कांग्रेस की ‘मतदाता अधिकार यात्रा’ के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ की गई आपत्तिजनक टिप्पणी ने बिहार की राजनीति में उबाल ला दिया है और इस मुद्दे को लेकर आज पटना में भाजपा और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक झड़प हुई।

प्रधानमंत्री के खिलाफ की गयी आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय, सदाकत आश्रम के बाहर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जबरदस्त विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ता राहुल गांधी से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग कर रहे थे।

विरोध प्रदर्शन में बिहार सरकार के मंत्री संजय सरावगी, नितिन नवीन, विधायक संजीव चौरसिया और अरुण सिन्हा, महानगर अध्यक्ष रूप नारायण मेहता समेत लगभग 500 से अधिक भाजपा कार्यकर्ता शामिल थे। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी और महागठबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री के प्रति असम्मानजनक भाषा का प्रयोग केवल व्यक्तिगत नहीं, बल्कि राष्ट्र का अपमान है।

प्रदर्शन के दौरान हालात उस समय बिगड़ गए जब दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद पत्थरबाजी शुरू हो गई। इस हिंसा में दोनों ओर से दर्जनों कार्यकर्ताओं के घायल होने की सूचना है। घटना के बाद इलाके में अफरा- तफरी मच गई और पुलिस बल की तैनाती करनी पड़ी।

भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. विनोद शर्मा ने घटना पर प्रतिक्रिया दी और कहा कि, ‘हम शांतिपूर्ण तरीके से विरोध प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पत्थरबाजी शुरू कर दी। हमारे कई कार्यकर्ता घायल हुये हैं और हमने इस संबंध में प्राथमिकी भी दर्ज करा दी है‘ दूसरी ओर कांग्रेस ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाये हैं।

कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता ज्ञान रंजन ने कहा है कि, ‘यह घटना लोकतंत्र के लिये खतरा है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस मुख्यालय में घुसकर संपत्तियों को नुक्सान पहुँचाया है और हमारे कार्यकर्ताओं पर भी हमला किया है। यह पूरी तरह से गुंडागर्दी है और प्रशासन की मौजूदगी में हुआ है। इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कारवाई नहीं हुई है।‘

घटना की वीडियो फुटेज मौजूद होने का दावा करते हुये कांग्रेस ने प्रशासन पर निष्क्रियता का आरोप लगाया है। वहीं भाजपा भी मामले की जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रही है। इस घटना के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अशोक राजपथ को जाम कर दिया और भाजपा कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी की मांग करते हुये विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। मौके पर पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है और स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।

वहीं इस घटना पर कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में लिखा, ‘सत्य और अहिंसा के आगे असत्य और हिंसा टिक ही नहीं सकते। मारो और तोड़ो, जितना मारना-तोड़ना है- हम सत्य और संविधान की रक्षा करते रहेंगे। सत्यमेव जयते।’

Related Articles

118 Comments

  1. ایزوفیت، وی ایزوله ایزوفیت ناترکس حاوی ۲۵ گرم پروتئین وی ایزوله ۱۰۰٪ در هر سروینگ است که با روش میکروفیلتراسیون پیشرفته تولید شده و جذب سریع دارد.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button